एशियाई खेलों का आज 10वां दिन है। इस प्रतियोगिता में भारत को पहले दिन पांच, दूसरे दिन छह, तीसरे दिन तीन, चौथे दिन आठ, पांचवें दिन तीन, छठे दिन आठ, सातवें दिन पांच, आठवें दिन 15 और नौवें दिन सात पदक मिले। फिलहाल एथलेटिक्स में पदकों की बारिश हो रही है। आज भारत के कुल पदकों की संख्या 70 के पार जा सकती है।
भारत के पास कितने पदक
स्वर्णः 15
रजतः 26
कांस्यः 28
कुलः 69

पारुल चौधरी के बाद अन्नू रानी ने भी इतिहास रच दिया है। एशियाड की महिलाओं की भाला-फेंक स्पर्धा में अन्नू ने स्वर्ण जीता है। अपने चौथे प्रयास में सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 62.92 मीटर भाला फेंका। श्रीलंका की नदीशा दिलहान ने रजत पदक जीता।
भारत के तेजस्विन शंकर ने रजत पदक अपने नाम किया है। उन्होंने डेकेथलॉन में यह कामयाबी हासिल की। इस स्पर्धा में 10 अलग-अलग खेल खेले जाते हैं। दो दिन तक यह मुकाबला चलता है। भारत ने इस स्पर्धा में 1974 के बाद कोई पदक जीता है। 1974 में विजय सिंह चौहान ने स्वर्ण और सुरेश बाबू ने कांस्य जीता था।
प्रवीण चित्रावेल ने पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। उन्होंने अपने छठे प्रयास में 16.68 मीटर की छलांग लगाई और तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रहे। भारत के ही अबूबकर 16.62 मीटर की छलांग के साथ चौथे स्थान पर रहे।
भारत के मोहम्मद अफजल ने पुरुषों के 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता है। उन्होंने 1:48:43 मिनट का समय लिया। आखिरी कुछ मीटर में सऊदी अरब के एसा अली ने उन पर लीड ले ली और वह स्वर्ण से चूक गए। भारत के कृष्ण कुमार पांचवें स्थान पर रहे।
भारत की पारुल चौधरी ने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण जीता है। यह एशियाई खेलों में महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में भारत का पहला स्वर्ण है। इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ है। भारत के कुल पदकों की संख्या 64 हो गई है। यह भारत का 14वां स्वर्ण है।
विद्या रामराज ने 400 मीटर बाधा दौड़ में भारत को एक और पदक दिला दिया है। उन्होंने 55.68 सेकंड का समय लेकर तीसरे स्थान पर रहीं और कांस्य पदक अपने नाम किया। बहरीन की अदेकोया ने 54.45 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण जीता। यह एशियन गेम्स का नया रिकॉर्ड भी है। वहीं, चीन की जियादी मो ने 55.01 सेकंड का समय लेकर रजत पदक अपने नाम किया। भारत की झोली में अब 63 पदक हो गए हैं।
अनहत और अभय ने भी पदक पक्का किया
स्क्वैश में सौरव घोषाल के बाद भारत की मिश्रित युगल जोड़ी अनहत सिंह और अभय सिंह की जोड़ी ने भी एक पदक पक्का कर लिया है। यह दोनों स्क्वैश के मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। इस जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में यांग यिओनसू और ली डोंगजुन की जोड़ी को 11-4, 8-11, 11-1 से हरा दिया।
भारत के स्टार स्क्वैश खिलाड़ी सौरव घोषाल पुरुष एकल के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने जापान के रिनोसुके सुकुए को 3-0 से हरा दिया। सौरव ने पहला गेम 11-4 से जीता। फिर दूसरे गेम में भी आसानी से जीत हासिल की। तीसरा गेम 11-3 से अपने नाम कर सौरव ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
दीपिका पल्लीकल और हरिंदर पाल सिंह संधू मिश्रित युगल स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। इसके साथ ही इस जोड़ी ने कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया है।
भारत ने दक्षिण कोरिया को 56-23 से हराया। भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। भारत टीम से इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक की उम्मीद है।
तीरंदाजी में पुरुषों की प्रतिस्पर्धा में अतानु दास को हार का सामना करना पड़ा है। चीन के क्यूआई ने क्वार्टर फाइनल मैच में उन्हें करीबी अंतर से हराया। इसके साथ ही अतानु करीबी अंतर से पदक से चूक गए।
मुक्केबाजी में लवलीना बोरगोहेन महिलाओं के 75 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने थाईलैंड की बाइसन के खिलाफ 5-0 के अंतर से जीत हासिल की। लवलीना ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। उन्होंने पेरिस ओलंपिक का टिकट भी हासिल कर लिया है।